प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार अपना जन्मदिन मध्य प्रदेश में मनाने जा रहे हैं। 17 सितंबर को वह इंदौर पहुंचेंगे और यहां से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और बीजेपी नेता भी कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन पर प्रदेश को कई करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इस दौरान धार या रतलाम में बड़े आयोजन की संभावना जताई जा रही है।
इंदौर में होगी प्रधानमंत्री की अगवानी
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। यहां स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सीधे तय कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। अभी अंतिम स्थान तय नहीं हुआ है, लेकिन धार और रतलाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
धार और रतलाम में संभावित कार्यक्रम
पिछले दिनों प्रधानमंत्री धार में पीएम मित्र पार्क का भूमि पूजन करने वाले थे, लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि वह जन्मदिन पर इस आयोजन को फिर से संपन्न कर सकते हैं। रतलाम को भी प्रधानमंत्री के दौरे के लिए उपयुक्त स्थान माना जा रहा है। अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों की टीमें दोनों जिलों में व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
करोड़ों की योजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा केवल जन्मदिन समारोह तक सीमित नहीं रहेगा। उम्मीद की जा रही है कि इस दिन वह प्रदेश को करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें बुनियादी ढांचा, उद्योग, कृषि और रोजगार से जुड़ी बड़ी घोषणाएं शामिल हो सकती हैं।
तैयारियों में जुटे अधिकारी और कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री के दौरे की खबर मिलते ही प्रशासन और संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा से लेकर आयोजन स्थल तक की रूपरेखा पर मंथन हो रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन मध्य प्रदेश के लिए यादगार अवसर बनेगा