Modi Cabinet Instagram--सोशल मीडिया के दौर में अब सरकार और युवाओं के बीच संवाद का तरीका भी तेजी से बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और युवाओं से सीधे जुड़ने की अपील का असर नजर आने लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी कैबिनेट के 29 में से 28 मंत्री अब इंस्टाग्राम पर पहले से ज्यादा सक्रिय हैं। पिछले एक महीने में मंत्रियों की पोस्टिंग और रील्स की संख्या में भी खासा इजाफा हुआ है।
PM की अपील के बाद बदला सोशल मीडिया अंदाज
बताया जा रहा है कि 24 जुलाई 2026 को कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से इंस्टाग्राम पर अधिक सक्रिय होने, रील बनाने और युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने को कहा था। इसके बाद मंत्रियों की सोशल मीडिया गतिविधियों में तेजी देखने को मिली। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 24 अगस्त तक 29 में से 28 कैबिनेट मंत्री इंस्टाग्राम पर सक्रिय हो चुके थे।
एक महीने में 1,179 पोस्ट, रील्स पर ज्यादा जोर
आंकड़ों के मुताबिक, मोदी कैबिनेट के मंत्रियों ने पिछले एक महीने में कुल 1,179 पोस्ट किए। यह इससे पहले की अवधि के मुकाबले करीब 48 प्रतिशत ज्यादा बताया जा रहा है। मंत्रियों ने सिर्फ तस्वीरों और सामान्य पोस्ट तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि रील्स के जरिए सरकारी योजनाओं और नीतियों को लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
अमित शाह के फॉलोअर्स में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
फॉलोअर्स की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। पिछले एक महीने में अमित शाह के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में करीब 8.53 लाख की बढ़ोतरी हुई। वहीं जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह को छोड़कर बाकी सभी कैबिनेट मंत्रियों की सोशल मीडिया सक्रियता बढ़ने की बात सामने आई है।
‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ से छात्रों तक पहुंचेंगे मंत्री
युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने के लिए सरकार ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ कार्यक्रम पर भी काम कर रही है। इसके तहत रोज एक केंद्रीय मंत्री को किसी विश्वविद्यालय में जाकर छात्रों से बातचीत करने की योजना है। मंत्री युवाओं की समस्याएं और उनकी चिंताएं सुनेंगे, साथ ही सरकार की योजनाओं और देश से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की राय जानेंगे।
सोशल मीडिया को संवाद का नया जरिया बना रहे PM
युवाओं से सोशल मीडिया के जरिए संवाद करने की कोशिश प्रधानमंत्री मोदी खुद भी करते रहे हैं। पेपर लीक के मुद्दे पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर छात्रों और युवाओं को संबोधित किया था। अब कैबिनेट मंत्रियों की बढ़ती इंस्टाग्राम सक्रियता को भी सरकार और युवा वर्ग के बीच डिजिटल संवाद मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।