Modi Government completes 12 years: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले इस अभियान की थीम “12 साल बेमिसाल : विश्वास, विकास और जनकल्याण” रखी गई है। अभियान के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों, जनहितकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रयासों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए विभिन्न भारतीय भाषाओं में पांच विशेष पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं, जिन्हें गांवों और शहरों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
राष्ट्रहित और बड़े फैसलों पर रहेगा फोकस
अभियान के तहत जारी की जाने वाली पुस्तिकाओं में सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को प्रमुखता से रखा जाएगा। “राष्ट्र प्रथम” नामक पुस्तिका में राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य क्षमता और देशहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया जाएगा। वहीं “जनसेवा का संकल्प” पुस्तिका में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लागू की गई योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी का उद्देश्य इन पुस्तिकाओं के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाना है।
महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत पर जोर
“सशक्तिकरण से समृद्धि तक” शीर्षक वाली पुस्तिका में महिलाओं के उत्थान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण होगा। इसके अलावा “विरासत भी, विकास भी” पुस्तिका में आधुनिक विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा। वहीं “राष्ट्र निर्माण” पुस्तिका में आधारभूत संरचना, परिवहन और विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया जाएगा।
यह भी देखेंःदिल्ली तक पहुंचा सियासी ‘खेला’? TMC में अंदरूनी बगावत की आहट से बढ़ी ममता की मुश्किलें
जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला
अभियान के दौरान देशभर में मीडिया संवाद, जनप्रतिनिधियों के जनसंपर्क कार्यक्रम और विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 8 से 14 जून के बीच जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति यात्राएं और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने प्रत्येक जिले में बड़ी संख्या में प्रमुख नागरिकों से संपर्क स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
जनकल्याण शिविर और विशेष आयोजन होंगे आकर्षण
12 से 20 जून के बीच देशभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा उपलब्धियों की प्रदर्शनियां, प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाएं और सभागार बैठकों का आयोजन भी होगा। पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।