
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दूसरे दिन अहमदाबाद में टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के उत्पादन की शुरुआत की. यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है. उद्घाटन समारोह में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष और प्रतिनिधि निदेशक तोशीहिरो सुजुकी के अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब दुनिया के दर्जनों देशों में जो इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चलेंगे, उनके ऊपर लिखा होगा ‘मेड इन इंडिया’.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "गणेश उत्सव के इस उल्लास में भारत की मेक इन इंडिया की यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है. ये मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड के लक्ष्य की तरफ एक बड़ी छलांग है. आज से भारत में बने इलेक्ट्रिक वाहन 100 देशों को निर्यात किए जाएंगे." उन्होंने बताया कि हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड का उत्पादन शुरू होने से भारत की इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और यह देश को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत ईवी निर्माण केंद्र बनाएगा.
'भारत - जापान के रिश्तों को मिला नया आयाम'
पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन भारत और जापान के रिश्तों में भी एक नया आयाम जोड़ रहा है. उन्होंने जापान और सुजुकी कंपनी को इस सहयोग के लिए बधाई दी और बताया कि भारत की सफलता की कहानी के बीज करीब 13 साल पहले बोए गए थे. 2012 में जब वो गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने मारुति सुजुकी को हंसलपुर में जमीन उपलब्ध कराई थी. उस समय से ही भारत आत्मनिर्भर बनने और मेक इन इंडिया को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है.
ये भी पढ़ें : Meerut to Varanasi Vande Bharat: अब रामलला और बाबा विश्वनाथ के दर्शन होंगे आसान
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे पास लोकतंत्र की शक्ति है, जनसांख्यिकी का लाभ है और कुशल कार्यबल का बड़ा पूल है. यही कारण है कि भारत में किसी भी निवेश में सभी पार्टनर के लिए विन-विन स्थिति बनी रहती है. उन्होंने बताया कि आज सुजुकी जापान भारत में उत्पादन कर रही है और यहां बनी गाड़ियां वापस जापान को निर्यात की जा रही हैं. यह भारत और जापान के मजबूत संबंधों का प्रतीक है और वैश्विक कंपनियों के भरोसे को भी दर्शाता है.
"दुनिया भारत की ओर देख रही"
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भारत की ओर देख रही है, इसलिए हर राज्य को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए. उन्होंने सभी राज्यों को निवेश, सुधार, सुशासन और विकास समर्थित नीति की प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया. 2047 तक विकसित भारत बनाने की गति को तेज करने में हर राज्य की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने हंसलपुर प्लांट से मारुति सुजुकी की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा (e-Vitara) को हरी झंडी दिखाई. उन्होंने इसे भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ईवी उत्पादन में सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बैटरी है, जो अब भारत में ही तैयार होने लगी है. इससे इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग मजबूत होगा और भारत को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी. इस प्रकार यह उद्घाटन न केवल मेक इन इंडिया के विजन को साकार करता है, बल्कि भारत और जापान के आर्थिक सहयोग को भी नई ऊंचाई प्रदान करता है, साथ ही देश की इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा