Modi speech GST- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब कल यानी 22 सितंबर से माल एवं सेवा कर (GST) की नई दरें लागू होने जा रही हैं। माना जा रहा है कि पीएम जीएसटी सुधारों पर विस्तार से जानकारी देंगे और उपभोक्ताओं को राहत देने वाले कुछ बड़े कदमों की घोषणा कर सकते हैं। इस बदलाव का सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं से लेकर बड़े इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों तक पर पड़ेगा, जिससे आम आदमी को बड़ी राहत मिलेगी।
375 वस्तुओं पर दरों में कटौती
जीएसटी परिषद के फैसले के अनुसार, 22 सितंबर से करीब 375 वस्तुओं पर कर दरों में कमी की जाएगी। इसमें रसोई में इस्तेमाल होने वाली चीजें जैसे घी, पनीर, मक्खन, नमकीन, केचप, जैम, सूखे मेवे, कॉफी और आइसक्रीम शामिल हैं। इन पर जीएसटी घटने से उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर ये सामान मिल सकेगा। यही नहीं, टीवी, एयर कंडीशनर और वॉशिंग मशीन जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर राहत
आम आदमी के लिए सबसे बड़ी राहत दवाओं पर जीएसटी कम होने से मिलेगी। अधिकांश दवाओं और फॉर्मूलेशन पर कर दर घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है। इसके अलावा ग्लूकोमीटर और डायग्नॉस्टिक किट जैसे महत्वपूर्ण मेडिकल उपकरण भी अब पहले से सस्ते उपलब्ध होंगे। सरकार ने पहले ही दवा दुकानों को निर्देश दिया है कि वे अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में बदलाव करें या जीएसटी में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं।
सीमेंट और निर्माण सामग्री पर भी फायदा
घर बनाने वालों के लिए भी यह बदलाव लाभकारी साबित होगा। सीमेंट पर जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे घरों के निर्माण की लागत में कमी आएगी और रियल एस्टेट सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा।