Mohali Cricket Player Attack : मोहाली के खरड़ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां क्रिकेट प्रैक्टिस के दौरान गेंद स्विमिंग पूल में गिरने पर 22 साल के खिलाड़ी सात्विक अमन पर तलवार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सात्विक मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले हैं और मोहाली के सेक्टर-74 ए स्थित ओम साई क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद बाउंड्री पार करके पास के स्विमिंग पूल में जा गिरी। गेंद लेने पहुंचे सात्विक का पूल मालिक से विवाद हो गया।
गेंद मांगने पर शुरू हुई कहासुनी
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, गेंद स्विमिंग पूल में गिरने के बाद सात्विक उसे लेने पहुंचे। उस समय पूल का गेट बंद था। कुछ देर बाद पूल मालिक जसबीर सिंह बाहर आया। आरोप है कि उसने सात्विक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। सात्विक ने उससे अपनी गेंद वापस मांगी। इसी बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। शिकायत में सात्विक ने आरोप लगाया है कि जसबीर ने उनके माथे पर मुक्का मार दिया।
तलवार लेकर आया आरोपी, सिर पर किया वार
सात्विक की शिकायत के अनुसार, मुक्का मारने के बाद जसबीर सिंह अंदर गया और तलवार लेकर वापस आया। खुद को बचाने के लिए सात्विक ने पास में पड़ी बांस की छड़ी उठा ली। लेकिन आरोपी ने उनके सिर पर तलवार से वार कर दिया। हमले के दौरान सात्विक ने बचाव के लिए अपना बायां हाथ आगे किया, जिससे उनके हाथ पर भी चोट लगी और वह कट गया। अचानक हुए इस हमले से खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया।
भागते समय पीठ पर भी किया हमला
सात्विक ने शिकायत में बताया कि वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि इस दौरान जसबीर ने उनकी पीठ पर दोबारा वार किया। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद सात्विक ने अपने भाई साकेत को फोन करके पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनका भाई मौके पर पहुंचा और घायल खिलाड़ी को इलाज के लिए मोहाली के फेज-4 स्थित चीमा अस्पताल लेकर गया।
अस्पताल से छुट्टी के बाद पुलिस में शिकायत
सात्विक का अस्पताल में इलाज किया गया। छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जसबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी बलियाली गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। पहली धारा खतरनाक हथियार से जानबूझकर चोट पहुंचाने और दूसरी आपराधिक धमकी से जुड़ी है।
इसे भी पढ़ें : ध्रुव जुरेल शतक से सिर्फ 1 रन दूर, पडिक्कल की 80 रन की पारी; इंडिया ए ने पहले दिन बनाए 291 रन
क्रिकेट की गेंद को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप
इस घटना में एक क्रिकेट खिलाड़ी के घायल होने के बाद इलाके में चर्चा है। जिस गेंद को लेने के लिए सात्विक स्विमिंग पूल पहुंचे थे, उसी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हमले तक पहुंच गया। शिकायत के मुताबिक, खिलाड़ी के सिर, बाएं हाथ और पीठ पर हमला किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।