पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब खुद आमिर ने इस पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर है और उन्होंने अभी IPL में खेलने को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। हालांकि ब्रिटिश नागरिक बनने के बाद अब वह IPL ऑक्शन के लिए पात्र माने जा रहे हैं।
IPL पर क्या बोले मोहम्मद आमिर?
'द हंड्रेड' लीग के दौरान मोहम्मद आमिर से जब IPL 2027 में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "2027 में मैं पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खेलूंगा। जहां तक IPL की बात है, अभी मुझे नहीं पता कि मैं उसमें खेलूंगा या नहीं।" उनके इस बयान के बाद साफ है कि उन्होंने IPL का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया है, लेकिन फिलहाल कोई पुष्टि भी नहीं की है।
ब्रिटिश नागरिकता के बाद बदली स्थिति
ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद आमिर अब इंग्लैंड की घरेलू प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेल रहे हैं। वहीं पाकिस्तान सुपर लीग में उन्हें विदेशी खिलाड़ी की श्रेणी में गिना जाएगा। इसी बदलाव के बाद वह IPL नीलामी में नाम दर्ज कराने के लिए भी योग्य हो गए हैं।
पहले भी ऐसा हो चुका है
मोहम्मद आमिर से पहले पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद भी ब्रिटिश नागरिकता लेने के बाद IPL खेल चुके हैं। उन्होंने 2012 से 2015 के बीच पंजाब और कोलकाता की ओर से टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। इसी वजह से आमिर के IPL में खेलने की संभावना को लेकर चर्चा तेज हुई है।
पाकिस्तानी खिलाड़ी IPL में क्यों नहीं खेलते?
IPL के पहले सीजन में कई पाकिस्तानी खिलाड़ी टूर्नामेंट का हिस्सा बने थे। लेकिन 2008 मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव बढ़ने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की IPL में एंट्री बंद हो गई। इसके बाद से पाकिस्तान के किसी खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है।
इसे भी पढ़ें : बिग बैश इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं Ben Stokes, करोड़ों खर्च करने को तैयार सिडनी सिक्सर्स
दुनियाभर की लीगों में खेल रहे हैं आमिर
34 वर्षीय मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। उनके नाम क्रमशः 119 टेस्ट, 81 वनडे और 71 टी20 विकेट दर्ज हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह दुनिया की कई फ्रेंचाइजी लीगों में लगातार खेल रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या वह 2027 में वाकई IPL ऑक्शन में अपना नाम दर्ज कराते हैं या नहीं।