भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस बार मामला उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ से जुड़ा हुआ है। एक महिला ने मोहम्मद कैफ पर रिश्ते में धोखा देने और शादी से पीछे हटने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इंटरव्यू सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले की चर्चा तेजी से बढ़ गई है।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
मोहम्मद कैफ पर आरोप लगाने वाली महिला का नाम महविश बताया जा रहा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया कि उनकी और कैफ की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ता प्यार में बदल गया। महिला का कहना है कि वह इस रिश्ते को शादी तक ले जाना चाहती थीं लेकिन बाद में कैफ ने दूरी बनानी शुरू कर दी।
शादी की बात पर बदला रवैया
महविश के मुताबिक जब उन्होंने रिश्ते को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा तो मोहम्मद कैफ समय मांगने लगे और धीरे-धीरे पीछे हट गए। महिला ने यह भी दावा किया कि उन्होंने इस मामले में मोहम्मद शमी के बड़े भाई से भी बातचीत की थी। हालांकि बाद में उन्होंने भी फोन उठाना बंद कर दिया। इंटरव्यू के बाद यह मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले भी विवादों में रहा परिवार
मोहम्मद शमी की निजी जिंदगी पहले भी काफी विवादों में रह चुकी है। साल 2018 में उनकी पत्नी हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उस विवाद ने शमी के क्रिकेट करियर और निजी जीवन दोनों को प्रभावित किया था। अब उनके छोटे भाई का नाम नए विवाद में आने से चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।
इसे भी पढ़ें : पंजाब क्रिकेट में मातम, 36 साल की उम्र में दुनिया छोड़ गए Amanpreet Gill, Yuvraj Singh भी हुए भावुक
कौन हैं मोहम्मद कैफ
मोहम्मद कैफ का जन्म उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में हुआ था। वह घरेलू क्रिकेट में बंगाल टीम की ओर से खेलते हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज और मध्यम तेज गेंदबाज कैफ ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 14 मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा उन्होंने लिस्ट ए और टी20 क्रिकेट में भी हिस्सा लिया है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 43 विकेट दर्ज हैं।
आईपीएल में नहीं मिला मौका
घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद कैफ को अभी तक आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है। क्रिकेट फैंस अब इस विवाद के बाद उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर मोहम्मद कैफ या मोहम्मद शमी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इंटरव्यू वायरल होने के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।