टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत ने तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद जब खिलाड़ियों से बातचीत हुई तो सिराज ने टीम के भीतर की एक सच्चाई बताई। उन्होंने कहा कि सिर्फ मैदान में खेलने वाले खिलाड़ी ही नहीं बल्कि बाहर बैठने वाले खिलाड़ी भी जीत में बराबर के भागीदार होते हैं।
बेंच पर बैठकर भी निभाई अहम भूमिका
मोहम्मद सिराज ने बताया कि टीम में कई बार ऐसे खिलाड़ी होते हैं जिन्हें ज्यादा मौके नहीं मिलते, लेकिन उनका योगदान फिर भी बहुत अहम होता है। उन्होंने कहा कि कभी खिलाड़ियों को पानी देना, कभी नेट्स में गेंदबाजी करना और टीम का माहौल अच्छा रखना भी जीत का हिस्सा होता है। सिराज के मुताबिक क्रिकेट एक टीम खेल है और यहां हर खिलाड़ी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, चाहे वह मैदान पर खेल रहा हो या बाहर बैठकर टीम का साथ दे रहा हो।
टूर्नामेंट में मिला एक ही मैच खेलने का मौका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मोहम्मद सिराज को सिर्फ एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था। यह मैच अमेरिका के खिलाफ था। उस मुकाबले में सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। हालांकि टीम संयोजन के कारण उन्हें आगे के मुकाबलों में जगह नहीं मिल सकी। इसके बावजूद सिराज ने टीम के साथ रहकर लगातार मेहनत की और खिलाड़ियों की तैयारी में मदद करते रहे।
इसे भी पढ़ें : विराट कोहली की तरह कभी रिजेक्ट हुआ था ये खिलाड़ी, अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 321 रन बनाकर संजू सैमसन बने भारत के सबसे बड़े मैच विनर
टीम भावना बनी जीत की सबसे बड़ी ताकत
इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत उसकी टीम भावना रही। कई खिलाड़ी ऐसे भी थे जिन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने कभी शिकायत नहीं की। वह लगातार टीम के साथ खड़े रहे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की रणनीति का भी इसमें बड़ा योगदान रहा। यही वजह रही कि जब भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता तो यह जीत सिर्फ 11 खिलाड़ियों की नहीं बल्कि पूरी टीम की मेहनत का परिणाम थी।