मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन दौरे के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंच से कहा कि राहुल गांधी न सेना का सम्मान करते हैं, न सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा करते हैं, और अब तो चुनाव आयोग को भी नहीं मानते। सीएम ने उन्हें 'नादान' बताते हुए देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उज्जैन में हुए कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
राहुल गांधी की सोच कांग्रेस को देश से कर रही बाहर: सीएम
उज्जैन की कालिदास अकादमी से बोलते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार सेना और कोर्ट की भूमिका पर सवाल उठाते हैं। राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगना पड़ा, लेकिन अब तो चुनाव आयोग तक को निशाने पर ले लिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच कांग्रेस को देशभर से बाहर का रास्ता दिखा रही है।
‘ऐसा पाप मत करो वरना ऊपर भी जगह नहीं मिलेगी’
राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए सीएम ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बार-बार सवाल उठाना घातक है। उन्होंने कहा कि इससे पाकिस्तान में जश्न मनता है और भारत की छवि कमजोर होती है। सीएम ने अपील की कि तिरंगे की मर्यादा रखें और देश की जड़ों को कमजोर न करें।
सिंहस्थ से लेकर ट्रेनों तक, उज्जैन को मिले विकास के तोहफे
सीएम ने उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए 155 करोड़ की योजनाओं का भूमि पूजन किया, जिसमें पुल और सड़कें शामिल हैं। साथ ही, उन्होंने 3 नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कर्मशील बहनों से राखी बंधवाकर 'हजारों में मेरी बहना' गीत भी गाया।