100 Years Of RSS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS अपने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों का समापन 29 नवंबर को दिल्ली में ‘राष्ट्रवंदनम्’ कार्यक्रम के साथ करने की तैयारी में है। संघ प्रमुख मोहन भागवत इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, आयोजन में करीब एक लाख स्वयंसेवकों के गणवेश में शामिल होने की योजना है, जबकि करीब 50 हजार आमंत्रित नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि कुछ रिपोर्टों में इससे अधिक संख्या का भी उल्लेख है। कार्यक्रम का अंतिम स्थान अभी पूरी तरह तय नहीं हुआ है, जबकि रोहिणी सेक्टर-23 को संभावित स्थल बताया जा रहा है।
रोहिणी में आयोजन की तैयारी
संघ से जुड़ी जानकारी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के स्वयंसेवकों को कार्यक्रम में शामिल करने की तैयारी चल रही है। स्वयंसेवकों के पंजीकरण के लिए ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है और प्रवेश के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए कलर कोड की व्यवस्था रखने की भी योजना है। आमंत्रित नागरिकों और युवाओं की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी जारी है।
मोहन भागवत रख सकते हैं संघ की आगे की दिशा
कार्यक्रम में मोहन भागवत संघ की 100 वर्षों की यात्रा और शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों पर बात कर सकते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके संबोधन में मौजूदा राष्ट्रीय मुद्दों और संघ की आगामी प्राथमिकताओं का भी उल्लेख हो सकता है। यह आयोजन सालभर देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए स्वयंसेवकों के ‘एकत्रीकरण’ कार्यक्रमों की अंतिम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी देखेंःचुनाव आयोग पर घमासान तेज, राहुल गांधी के सवालों के बीच CEC के खिलाफ विपक्ष फिर लाएगा प्रस्ताव
पंच परिवर्तन’ पर रहा जोर
शताब्दी वर्ष के दौरान RSS ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी को ‘पंच परिवर्तन’ के रूप में प्रमुखता दी। इसके अलावा गृह संपर्क और प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलनों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। RSS की ओर से डॉक्टरों, इंजीनियरों, प्रोफेसरों और अन्य पेशेवरों के साथ संवाद कार्यक्रम किए जाने की जानकारी दी गई है।
देश-विदेश में भी हुए शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम
शताब्दी वर्ष के दौरान संघ की ओर से भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। मोहन भागवत ने अगस्त-सितंबर 2026 में अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इससे पहले अगस्त 2025 में उन्होंने दिल्ली के विज्ञान भवन में तीन दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला में भी हिस्सा लिया था। अब 29 नवंबर का दिल्ली कार्यक्रम RSS के शताब्दी वर्ष की गतिविधियों के समापन के रूप में आयोजित किया जाएगा।