.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D22257b65-5720-4b0a-a97a-52a9ca3d1f41&w=3840&q=75)
Heavy Rain Alert Many States: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। विभाग के मुताबिक, 27 अगस्त से 2 सितंबर तक उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होगी। लगातार हो रही बरसात से निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई है। यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अगले सप्ताह तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।
उत्तर और पूर्व भारत में तेज बरसात
उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अगस्त तथा 1 और 2 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि बिहार और झारखंड में 27 से 30 अगस्त तक लगातार बारिश हो सकती है। बिहार में 30 अगस्त और 1 सितंबर को भी तेज बरसात का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में भी 27 से 30 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में 28 से 30 अगस्त तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में बारिश का दौर
पश्चिम भारत में राजस्थान में 28 और 29 अगस्त को तेज बारिश होगी, जबकि गुजरात में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक बारिश का असर देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र के कोंकण और मध्य क्षेत्रों में 27 अगस्त से 2 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 27 से 30 अगस्त तक लगातार बरसात होगी। खासकर कर्नाटक के कई हिस्सों में 27 और 28 अगस्त को अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।