उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं और कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए 18 और 19 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
18 और 19 मई को तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, बरेली और आसपास के जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इस तारीख के बीच यूपी पहुंचेगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मानसून सामान्य समय के आसपास उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है. अनुमान है कि 20 जून से 25 जून के बीच मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा, जबकि पश्चिमी यूपी में जून के आखिरी सप्ताह तक मानसून पहुंच सकता है. हालांकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे सिस्टम के कारण मानसून की रफ्तार में बदलाव संभव है। अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो कुछ हिस्सों में मानसून जल्दी भी पहुंच सकता है.
गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कई दिनों से यूपी के अधिकांश जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में आने वाली बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की कमी आ सकती है। वहीं रात का मौसम भी सुहावना होने की उम्मीद है.
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. तेज आंधी और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है. बारिश और तेज हवाओं के चलते कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति और यातायात भी प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.