Monsoon Season 2025 : बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश की राजनीति गर्मा गई है। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, मनोज झा और मीसा भारती समेत INDIA गठबंधन के कई सांसदों ने ‘SIR नहीं चलेगा’ के नारे लगाए। विरोध के चलते संसद की कार्यवाही लोकसभा और राज्यसभा में 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
SIR को लेकर क्यों है विवाद?
बिहार में वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण । बिहार में चल रहे इस SIR (Special Intensive Revision) अभियान को लेकर विपक्ष ने आरोप लगाया है कि यह एक "सुनियोजित साजिश" है, जिसके जरिए लाखों लोगों को मतदाता सूची से बाहर करने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस सांसदों का कहना है कि यह लोकतंत्र पर हमला है और इससे लोगों का चुनावी अधिकार छीनने की कोशिश हो रही है।
संसद परिसर में INDIA गठबंधन का हल्ला बोल
राहुल, अखिलेश, प्रियंका और मीसा भारती हुए शामिल। विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार के बाहर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिए सांसदों ने “वोटबंदी बंद करो” जैसे नारे लगाए। इससे पहले INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद भवन परिसर में बैठक कर रणनीति बनाई और राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने की इजाजत देने की मांग भी की।
लोकसभा और राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित
पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर भी बहस की मांग सत्र के दौरान विपक्ष सिर्फ SIR ही नहीं, बल्कि पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, मणिपुर और चीन मुद्दे को लेकर भी सरकार से जवाब मांग रहा है। इस कारण मंगलवार को जैसे ही संसद की कार्यवाही शुरू हुई, हंगामे के चलते दोनों सदनों को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
मानसून सत्र में क्या-क्या होगा खास
32 दिन, 18 बैठकें और 15 से ज्यादा बिल प्रस्तावित
21 जुलाई से शुरू हुआ मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 18 बैठकें होंगी और 15 से अधिक विधेयकों को पेश किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते 13 और 14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।