monsoon-session :संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू हो चुका है और पहले ही दिन राजनीतिक घमासान देखने को मिला। विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर, मणिपुर की स्थिति, चीन मुद्दे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान जैसे संवेदनशील विषयों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में भारी हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इस बीच, पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को ऐतिहासिक बताया और भारत की सैन्य क्षमता पर गर्व जताया।
विपक्ष का हंगामा, स्पीकर की चेतावनी
सत्र की शुरुआत होते ही विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद इस पर चर्चा होगी और हर सवाल का जवाब दिया जाएगा, लेकिन इस तरह का आचरण पहले दिन सही नहीं है। उन्होंने सांसदों से अपेक्षा जताई कि वे नई परंपराएं स्थापित करें।
PM मोदी का दावा: 22 मिनट में साफ कर दिए आतंकी ठिकाने
सत्र की शुरुआत से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल रहा। भारत ने महज 22 मिनट में दुश्मन के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया और विश्व ने भारतीय सैन्य ताकत को महसूस किया।
INDIA गठबंधन की रणनीति
सत्र शुरू होने से पहले I.N.D.I.A. गठबंधन ने बैठक कर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, डोनाल्ड ट्रंप के युद्धविराम दावे, मणिपुर की स्थिति और बिहार की मतदाता सूची की समीक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की बात कही।
32 दिनों में 18 बैठकें, 15+ विधेयक
यह मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा। 32 दिनों के इस सत्र में 18 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें 15 से अधिक विधेयक पेश किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते 13 और 14 अगस्त को कार्यवाही नहीं होगी।
इनकम टैक्स कानून में बड़ा बदलाव
पहले ही दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय समिति की रिपोर्ट लोकसभा में रखी गई। 622 पन्नों की इस रिपोर्ट में 285 सुझाव शामिल हैं। यह नया बिल 1961 के आयकर अधिनियम को पूरी तरह रिप्लेस करेगा।