अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम के कारण मौसम में बड़ा बदलाव, दिल्ली-यूपी में भी हल्की बारिश के आसार- उत्तर भारत के मौसम में अब बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अरब सागर और दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अब तेजी से मजबूत हो रहा है और मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में यह चक्रवाती तूफान “मोंथा” में बदल सकता है। अगले दो दिनों में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई है, जिससे देश के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के हालात बन सकते हैं।
तूफान का रुख और संभावित असर
मोंथा तूफान फिलहाल पोर्ट ब्लेयर से लगभग 620 किलोमीटर पश्चिम, चेन्नई से 780 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापट्टनम से करीब 830 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित है। इसका रुख उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम शाम तक आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है।
तटीय राज्यों में सतर्कता, राहत दल तैयार
तूफान के बढ़ते खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा एजेंसियों को भी स्टैंडबाय मोड में रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम
उत्तर भारत के मौसम पर भी मोंथा तूफान का असर दिख सकता है। दिल्ली-एनसीआर में 27 और 28 अक्टूबर की शाम या रात में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में 27 अक्टूबर से अगले चार दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं और गर्जन-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बिहार और पहाड़ी राज्यों में भी दिखेगा असर
बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इससे पहाड़ों में ठंड बढ़ेगी और उत्तरी मैदानों में भी ठंडी हवाओं का असर महसूस होगा।