
Montra Electric: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में कई निर्माताओं की ओर से नए वाहनों को पेश और लॉन्च किया जा रहा है। इसी कड़ी में मोंट्रा इलेक्ट्रिक ने भी इलेक्ट्रिक सेगमेंट में नए ट्रक Montra Rhino 5538 EV 4x2 TT को लॉन्च किया है। इस ट्रक को खासतौर पर लॉजिस्टिक्स और भारी-भरकम कामों के लिए डिजाइन किया गया है और इसमें कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि इस ट्रक को किस कीमत पर लॉन्च किया गया है और इसमें क्या-क्या फीचर्स दिए गए हैं।
इलेक्ट्रिक ट्रक की कीमत
आपको बता दें कि निर्माता की ओर से इस इलेक्ट्रिक ट्रक को फिक्स और रिमूवेबल बैटरी के साथ लॉन्च किया गया है। इसके फिक्स बैटरी वर्जन की कीमत 1.15 करोड़ रुपये एक्स-शोरूम है। इसकी फिक्स बैटरी वर्जन को फास्ट चार्जिंग का विकल्प भी दिया गया है। वहीं इसके रिमूवेबल बैटरी वर्जन की कीमत 1.18 करोड़ रुपये एक्स-शोरूम है। इस बैटरी को बदलने में सिर्फ छह मिनट का समय लगता है।
कंपनी का बयान
मोंट्रा इलेक्ट्रिक के अध्यक्ष अरुण मुरगप्पन ने लॉन्च के दौरान कहा कि हम ऐसे उत्पाद और सेवाएं बना रहे हैं जो व्यावसायिक ईवी अपनाने में आने वाली सबसे बड़ी बाधाओं का सीधे तौर पर समाधान करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बैटरी स्वैपिंग जैसे इनोवेशन और भरोसेमंद टेक्नोलॉजी की मदद से कंपनी भारत में स्वच्छ और टिकाऊ लॉजिस्टिक्स के लिए समाधान उपलब्ध करा रही है। निर्माता की ओर से नए ट्रक के लॉन्च के साथ ही स्वचालित बैटरी प्लांट का भी उद्घाटन किया है।
ट्रक की खासियत
इसके पावरट्रेन की बात करें तो इसमें लगी मोटर 380 हॉर्सपावर की ताकत और 2000 Nm टॉर्क जनरेट करती है। इसके साथ 6-स्पीड एएमटी ट्रांसमिशन भी दिया गया है। इसमें 282 kWh LFP बैटरी को दिया गया है। जिससे इसे 198 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।