उत्तर प्रदेश में इन दिनों मानसून की सक्रियता में उतार-चढ़ाव जारी है. पिछले 48 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी यूपी में कमजोर पड़ा, जिसके चलते प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हुई. हालांकि सहारनपुर और झांसी जैसे पश्चिमी जिलों में तेज बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियां बन गई हैं.
बीते 24 घंटे में जिलों का हाल
सहारनपुर में सहरसा नदी अपने तटों को पार कर चुकी है और जल स्तर पुल के ऊपर से बह रहा है. झांसी में भारी जलभराव के कारण एक डंपर डूबने की सूचना भी मिली है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूर्वी यूपी में अनुमानित सिर्फ 1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से लगभग 17% कम है. इसके विपरीत, पश्चिमी यूपी में 5.1 मिमी दर्ज हुई, जो सामान्य से 110% अधिक है.
48 घंटे बाद सक्रिय हो सकता है मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेश में सामान्य से कम बारिश बनी रहेगी, लेकिन कुछ इलाकों में तेज और कुछ में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. 48 घंटे बाद मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना है. विशेष रूप से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश हो सकती है. वहीं 55 जिलों में गरज-फटाक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
लखनऊ में उमस के साथ गर्मी
लखनऊ में गुरुवार को तेज धूप और 37.4°C तापमान के साथ उमस वाली गर्मी बनी रही. न्यूनतम तापमान 27°C रहा. शुक्रवार को भी आसमान साफ रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 37°C, न्यूनतम 28°C रहने की संभावना है.
बाढ़ से निपटने के लिए लखनऊ के बक्शी का तालाब, अकड़रिया कलां में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इसमें जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पीएसी, सिंचाई विभाग, अग्निशमन और स्वास्थ्य प्रभंधन सहित कई एजेंसियों ने भाग लिया.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को ऊपरी यूपी में भारी बारिश संभव है और 28 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है, जिससे व्यापक बारिश की संभावना बनी रहती है.