
मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब हनुमान मंदिर निर्माण के लिए की जा रही खुदाई में दो दर्जन से अधिक पुराने सोने-चांदी के सिक्के बरामद हुए। सिक्के निकलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी सिक्कों को जब्त कर लिया है। फिलहाल उनकी धातु और ऐतिहासिकता की जांच की जा रही है।
मंदिर
निर्माण के दौरान हुई
बड़ी खोज
मामला मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के सागौरिया गांव का है। यहां के पूर्व सरपंच संतोषी लाल धाकड़ अपने पुराने घर के पास हनुमान मंदिर का निर्माण करा रहे थे। जैसे ही नींव की खुदाई शुरू हुई, जमीन से सोने-चांदी जैसे धातु के सिक्के बाहर निकल आए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ वहां जमा हो गई और लोगों में पुराना खजाना मिलने की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस
ने संभाला मोर्चा
ग्रामीणों में अफरा-तफरी मचने के बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई में निकले सभी सिक्कों को कब्जे में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि सिक्कों की जांच कराई जाएगी कि वे किस धातु के बने हैं और कितने पुराने हैं।
पूरे
क्षेत्र में चर्चा
खुदाई में मिले इन सिक्कों की चर्चा न सिर्फ सागौरिया गांव बल्कि पूरे पहाड़गढ़ क्षेत्र में जोरों पर है। लोग इसे ऐतिहासिक खजाने की खोज मान रहे हैं और अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।