Syria Blast: सीरिया के होम्स शहर में शुक्रवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब नमाज के दौरान एक मस्जिद में जोरदार धमाका हो गया। इस हमले में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना भीषण था कि मस्जिद के अंदर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाकों में भी लोग दहशत में आ गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया गया।
आतंकी हमला मानकर जांच में जुटी सरकार
सीरिया के गृह मंत्रालय ने इस घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है। सरकारी बयान के मुताबिक, होम्स के वादी अल-दहाब इलाके में स्थित इमाम अली बिन अबी तालिब मस्जिद को जानबूझकर निशाना बनाया गया। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि मस्जिद के अंदर पहले से विस्फोटक लगाया गया था, जिसे नमाज के समय सक्रिय किया गया। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। मस्जिद के भीतर हुए नुकसान की तस्वीरों में दीवारों में छेद, बिखरी किताबें और काले धुएं के निशान साफ नजर आ रहे हैं।
पूजा स्थलों पर हमलों से बढ़ी चिंता
सीरिया में धार्मिक स्थलों पर हमला कोई नई बात नहीं है। इसी साल जून में राजधानी दमिश्क में एक चर्च पर हुए आत्मघाती हमले में 25 लोगों की जान चली गई थी। मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद किसी पूजा स्थल पर यह दूसरा बड़ा हमला माना जा रहा है। होम्स पहले भी सांप्रदायिक हिंसा का गवाह रहा है, ऐसे में इस घटना ने लोगों की पुरानी आशंकाओं को फिर जगा दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धमाके के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने सीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।