
बुलंदशहर के नरौरा में साढ़े तीन साल की बच्ची की हत्या के आरोप में उसकी मां और प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 4 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को पकड़ा। यह घटना 30 सितंबर को हुई थी। मामले की शुरुआत 1 अक्टूबर 2025 को हुई जब बच्ची की मां सीमा उर्फ लाली ने नरौरा थाने में तहरीर दी। उसने आरोप लगाया था कि ललतेश और अन्य लोगों ने मिलकर उसकी बेटी दिव्यांशी का अपहरण कर हत्या करने की नीयत से उसे अगवा कर लिया है। इस शिकायत के आधार पर नरौरा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि सीमा उर्फ लाली और उसके प्रेमी यतेंद्र उर्फ पिच्चू ने मिलकर बच्ची की हत्या की थी। जांच के दौरान, सीमा द्वारा नामजद किए गए अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता गलत पाई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा उर्फ लाली पत्नी स्वर्गीय राकेश, निवासी गढ़ीवाला कस्बा व थाना अहमदगढ़, बुलंदशहर और यतेंद्र उर्फ पिच्चू पुत्र प्रेमपाल सिंह, निवासी ग्राम अजीजाबाद थाना पहासू, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्ता सीमा ने बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह वर्तमान में यतेंद्र उर्फ पिच्चू के साथ रहती है। उसके तीन बेटे और एक बेटी (मृतका) थी। उसके तीन बेटे बड़े थे, लेकिन बेटी छोटी थी, जिससे उसे काम पर जाने के दौरान परेशानी होती थी।
सीमा और उसके प्रेमी यतेंद्र उर्फ पिच्चू का अहमदगढ़ निवासी एक महिला ललतेश और अन्य लोगों से विवाद चल रहा था। वे उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाना चाहते थे। इसी मकसद से दोनों ने मिलकर सीमा की बेटी दिव्यांशी की हत्या की योजना बनाई। योजना के अनुसार, उन्होंने बच्ची का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को नरौरा गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद, उन्होंने ललतेश और अन्य लोगों के खिलाफ नरौरा थाने में फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।