
Mother bravery Meerut: थाना मुडांली क्षेत्र के मऊखांस गांव में एक महिला ने अपनी हिम्मत और सूझबूझ से नवजात को बच्चा चोर के चंगुल से बचा लिया। मंगलवार दोपहर, अजय तोमर की पत्नी अनीता अपने एक माह के बच्चे को आंगन में सुलाकर शौचालय गई थीं। तभी काले कपड़े पहना एक युवक घर में घुसा और बच्चे को उठाकर भागने लगा। अचानक आहट पाकर अनीता बाहर निकलीं और अपने जिगर के टुकड़े को ले जाते देख बिना देर किए चोर पर टूट पड़ीं।
बर्तनों से किया हमला, बच्चा बचाया
अनीता ने आव देखा न ताव, जमीन पर पड़े बर्तनों से युवक पर हमला बोल दिया। उनकी बहादुरी देख युवक घबरा गया और बच्चे को कीचड़ में फेंककर भाग खड़ा हुआ। इस बीच अनीता ने शोर मचाया, जिससे आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चे को सुरक्षित उठाकर घर लाया गया और तुरंत साफ किया गया। महिला की इस हिम्मत को देख ग्रामीणों ने उनकी सराहना की।
यह भी देखेंःSupreme Court: दिल्ली-NCR में लावारिस कुत्तों पर सुप्रीम से राहत की उम्मीद जगी, CJI बोले– मामला मैं देखूंगा
रातभर चली तलाश, आरोपी फरार
घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चा चोर की तलाश शुरू की, लेकिन रातभर की कोशिश के बावजूद वह हाथ नहीं आया। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। थाना प्रभारी दिव्य प्रताप सिंह के अनुसार, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सजग हो गए हैं।