RAIN ACCIDENT AGAR MALWA NALKHEDA: मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास उफनते बरसाती नाले को पार करने की कोशिश के दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान शुरू किया।
उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद पहुंचे थे नलखेड़ा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। परिवार के लोग मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकाल दर्शन करने के बाद नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान शनिवार को क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे मंदिर के पास मौजूद बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि नाला पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया था।
तेज बहाव में कार पर खोया नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव के बीच कार चालक ने नाले को पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान पानी के दबाव के कारण कार पर से नियंत्रण खो गया और वाहन बहते हुए पानी में चला गया। देखते ही देखते कार पानी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और राहत-बचाव दल को सूचना दी।
रस्सियों की मदद से बाहर निकाली गई कार
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे कार को नाले के किनारे तक खींचने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर लाया गया। इसके बाद वाहन का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे सभी 8 लोगों के शव बाहर निकाले गए।
,
हादसे में जान गंवाने वालों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस की ओर से वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से जुड़ी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल हादसे को लेकर प्रारंभिक जानकारी ही सामने आई है।