
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सियासी तपिश के साथ शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए पूरी तैयारी के मूड में है। विपक्ष ने जल जीवन मिशन में हुए 10 हजार करोड़ के कथित घोटाले से लेकर ड्रग्स मामले और चरमराई कानून व्यवस्था तक कई मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने की रणनीति बनाई है। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस विधायकों की "डिनर डिप्लोमेसी" होगी, जिसमें विपक्ष की रणनीति तय होगी कि किस दिन किस मुद्दे को कितनी तीव्रता से उठाया जाए।
कांग्रेस की रणनीति बैठक, तय होगा मुद्दों का एजेंडा
विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि डिनर के बहाने कांग्रेस विधायक एकत्रित होंगे और सभी से सुझाव लिए जाएंगे। तय किया जाएगा कि कौन सा विधायक किस मुद्दे को उठाएगा, किस दिन उठाया जाएगा और किस स्तर पर हल्लाबोल किया जाएगा। साथ ही यह भी फैसला होगा कि किन मुद्दों को विधानसभा पटल पर प्रमुखता से रखा जाए।
जल जीवन मिशन घोटाले पर सीधा हमला, मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
कटारे ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन में 10 हजार करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार हुआ है। मंत्री संपतिया उइके और उनके विभागीय अधिकारियों ने मिलकर एक संगठित भ्रष्टाचार तंत्र खड़ा किया है। कांग्रेस ने मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच, वह भी न्यायालय की निगरानी में, करवाने की मांग की है।
ड्रग्स का जाल और कानून व्यवस्था पर विपक्ष का वार
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में ड्रग्स सप्लाई की जड़ें गहरी हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इसमें भाजपा के कई नेताओं के तार जुड़े हैं। पूर्व में जब्त हुए 1850 करोड़ के ड्रग्स मामले में अब तक गंभीर कार्रवाई नहीं हुई है। कटारे ने कहा कि ड्रग्स और अपराधों की बढ़ती घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है।