भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को पार्टी की कमान सौंपी गई है। वह राज्य के 28वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। खंडेलवाल की ताजपोशी ऐसे वक्त पर हुई है जब पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। हेमंत खंडेलवाल की साफ-सुथरी छवि, संगठन से जुड़ाव और वर्षों की राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री और दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन
प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर हेमंत खंडेलवाल के नाम का औपचारिक ऐलान तब हुआ जब उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मंच पर मौजूद थे। नामांकन के समय डिप्टी सीएम, केंद्रीय मंत्री, और संगठन के अन्य प्रमुख चेहरे भी वहां उपस्थित रहे। खास बात यह रही कि हेमंत खंडेलवाल का नामांकन एकमात्र था, जिससे पहले ही उनके अध्यक्ष बनने की पुष्टि लगभग तय मानी जा रही थी।
जानिए कौन हैं हेमंत खंडेलवाल
हेमंत खंडेलवाल बैतूल से विधायक हैं और उनके पिता विजय कुमार खंडेलवाल बीजेपी के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। वर्ष 2008 में पिता के निधन के बाद हेमंत राजनीति में सक्रिय हुए और उसी वर्ष लोकसभा उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचे। इसके बाद 2013 में उन्होंने विधानसभा चुनाव जीतकर प्रदेश राजनीति में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 2023 में वह दोबारा बैतूल से विधायक चुने गए। उनके संघ से गहरे जुड़ाव और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह बड़ी भूमिका सौंपी है।
संगठन को मजबूती और मिशन 2028 पर नजर
हेमंत खंडेलवाल की नियुक्ति को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। उनकी रणनीतिक सोच, जमीनी पकड़ और साफ छवि का लाभ पार्टी को प्रदेश स्तर पर मिलेगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि वे पार्टी को अगले चुनावों में किस रणनीति से आगे बढ़ाते हैं।