MP BJP Politics News:मध्य प्रदेश की सियासत में दिवाली से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जल्द ही अपनी नई टीम का ऐलान करने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नई कार्यकारिणी की लिस्ट तैयार हो चुकी है और इसे मंजूरी के लिए दिल्ली भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही प्रदेश में बीजेपी की नई कार्यकारिणी का औपचारिक ऐलान हो जाएगा। खास बात यह है कि इस टीम में कई सीनियर नेताओं की वापसी और लगभग 70 प्रतिशत नए चेहरों की एंट्री तय मानी जा रही है।
दिल्ली से हरी झंडी के बाद होगा ऐलान
बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। तीनों नेताओं की बैठक के बाद तैयार लिस्ट को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो दिवाली से पहले ही नई टीम की घोषणा हो सकती है। हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद विभिन्न जिलों में लगातार नेताओं से मुलाकात की है, जिसका असर नई टीम की संरचना में साफ दिखेगा।
वीडी शर्मा की टीम से बिल्कुल अलग होगी नई कार्यकारिणी
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा की टीम में शामिल कई पदाधिकारी अब सांसद या विधायक बन चुके हैं। किसान मोर्चा अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी नर्मदापुरम से लोकसभा सांसद बने हैं, महिला मोर्चा अध्यक्ष माया नारोलिया राज्यसभा पहुंची हैं, वहीं महामंत्री कविता पाटीदार और लता वानखेड़े भी संसद के सदस्य बन चुकी हैं। इसी तरह, ललिता यादव, चिंतामणि मालवीय, भगवानदास सबनानी, हरिशंकर खटीक और मनीषा सिंह जैसे चेहरे अब विधायक हैं। ऐसे में संगठन में इनकी जगह नए नेताओं को मौका मिलने जा रहा है।
लौटेंगे सीनियर चेहरे, बदलेगा मोर्चों का नेतृत्व
माना जा रहा है कि आशुतोष तिवारी, शैलेंद्र बरुआ, जितेंद्र लिटोरिया, श्याम महाजन, केशव सिंह भदौरिया और जयपाल चावड़ा जैसे वरिष्ठ नेताओं की संगठन में वापसी तय है। इन्हें पहले निगम-मंडलों की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन अब पार्टी इन्हें फिर से मुख्यधारा संगठन में शामिल कर सकती है।
इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, एससी और एसटी मोर्चा में भी बदलाव की संभावना है। फिलहाल युवा मोर्चा की कमान वैभव पंवार के पास है, मगर अब यह जिम्मेदारी किसी नए चेहरे को दी जा सकती है।
बीजेपी की रणनीति: संतुलन और संदेश दोनों
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि हेमंत खंडेलवाल की नई टीम संगठन के संतुलन और संदेश दोनों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। पार्टी युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को आगे लाने के साथ ही अनुभवी चेहरों की वापसी के जरिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। दिवाली से पहले यह बदलाव बीजेपी के लिए एक नई ऊर्जा और राजनीतिक संदेश का प्रतीक साबित हो सकता है।