मध्य प्रदेश के छतरपुर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए न सिर्फ नकदी और जेवर पर हाथ साफ किया, बल्कि रसोई में रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर तक उठा ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि सिलेंडर दिनभर की मेहनत के बाद लाया गया था, जिसे भी चोर नहीं छोड़ पाए।
सूने घर को बनाया निशाना
छतरपुर शहर के वार्ड नंबर 17 स्थित बुंदेला बब्बा कॉलोनी में यह सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित हरनाम सिंह यादव 13 मार्च की शाम अपनी पत्नी के इलाज के लिए ग्वालियर गए थे। घर के सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
लौटे तो टूटा मिला दरवाजा
रविवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर घुसते ही घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से कीमती सामान गायब था। इस दृश्य को देखकर परिवार के होश उड़ गए।
नकदी और जेवर पर हाथ साफ
चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरों को निशाना बनाया। इसमें मंगलसूत्र, पायल, अंगूठी और करीब 10 तोला चांदी के आभूषण शामिल हैं। साथ ही अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद भी चोर ले उड़े।
राशन और गैस सिलेंडर भी नहीं छोड़ा
इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने सिर्फ कीमती सामान ही नहीं, बल्कि घर का राशन और रसोई का भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर भी चोरी कर लिया। इसके अलावा साइकिल, प्रेस, चश्मे और दाल-चावल तक भी उठा ले गए।
पीड़ित बोले- मेहनत भी हो गई बेकार
पीड़ित हरनाम सिंह यादव ने बताया कि गैस सिलेंडर को लाने के लिए उन्होंने पूरे दिन मशक्कत की थी। लेकिन चोरों ने उसे भी नहीं छोड़ा। इस घटना से परिवार बेहद आहत है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।