इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद जांच और कार्रवाई को लेकर घटनास्थल का मुआयना करने के बाद सांसद डॉ. महेश शर्मा मंगलवार को सेक्टर-150 स्थित टाटा यूरेका समिति पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक इंजीनियर के पिता राजकुमार मेहता से मुलाकात की और पूरे परिवार को ढांढस बंधाया। डॉ. शर्मा ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं
मुलाकात के दौरान सांसद ने सरकार की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि एसआईटी की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
नोएडा के सीईओ को हटा दिया गया
पीड़ित परिवार ने सांसद से अपनी पीड़ा साझा की और न्याय की उम्मीद जताई। डॉ. शर्मा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। नाेएडा के सांसद डॉ.महेश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। कुछ देर तक मुआयना किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस प्रकरण पर गंभीर है। नोएडा के सीईओ को हटा दिया गया है। जूनियर इंजिनियर को सस्पेंड कर दिया गया है बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसआईटी पूरी तरह पादर्शिता से जांच कर रही है। जिसकी रिस्पोंस्बिलिटी होगी उसके सजा मिलेगी। पूर्व में दिए गए निवासियों की शिकायत के लेटर पर जांच की जाएगी।