भोपाल/ऋषिकेश। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हेमंत सोनी पिछले चार दिनों से उत्तराखंड में लापता हैं। जानकारी के अनुसार, हेमंत अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे, जहां 16 अक्टूबर की रात एक निर्माणाधीन पुल से गिरकर वे गंगा नदी में बह गए। पुलिस और SDRF की टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं, यहां तक कि ड्रोन से सर्चिंग भी की गई, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मोबाइल पर बात करते समय हुआ हादसा
चश्मदीदों के मुताबिक, हेमंत सोनी रात करीब 9 बजे लक्ष्मण झूला के पास बजरंग पुल पर थे। उसी दौरान उन्हें मोबाइल पर एक कॉल आया और वे बात करते हुए आगे बढ़ गए। अचानक उनका पैर फिसला और वे नीचे गंगा में गिर गए। उनके चचेरे भाई अमित सोनी और दोस्त अक्षय सेठ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि हादसे के समय पुल निर्माणाधीन था और किनारों पर सुरक्षा रेलिंग पूरी नहीं थी।
चार दिन से जारी सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद SDRF की टीम ने गोताखोरों की मदद से हेमंत की तलाश शुरू की। अगले दिन ड्रोन कैमरों से कई किलोमीटर तक नदी की एरियल सर्चिंग की गई, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। गंगा नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण सर्च अभियान में लगातार बाधाएं आ रही हैं। स्थानीय प्रशासन के साथ उत्तराखंड पुलिस और बचाव दल लगातार प्रयासरत हैं।
परिवार ने सीएम से लगाई गुहार
लापता इंजीनियर के परिजनों ने अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मदद की अपील की है। हेमंत के चाचा भरत सोनी ने एक वीडियो जारी कर सीएम से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि सर्चिंग को और तेज किया जा सके। परिवार का कहना है कि हर बीतता दिन उनके लिए उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ा रहा है।
दोस्तों संग निकले थे घूमने
हेमंत 14 अक्टूबर को अपने दोस्त अक्षय सेठ के साथ पृथ्वीपुर से रवाना हुए थे। 15 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचे और 16 को अपने चचेरे भाई अमित के साथ हरिद्वार और फिर ऋषिकेश पहुंचे। उसी रात यह हादसा हो गया। परिजन लगातार ऋषिकेश में डेरा डाले हुए हैं और बेटे की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।