MP Investment Summit 2027--मध्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित आयोजन को बड़ा और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की तैयारी है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे से होगी। मुख्यमंत्री 6 सितंबर को यूएई पहुंचकर निवेशकों से मुलाकात करेंगे और उन्हें मध्य प्रदेश आने का न्योता देंगे। वहीं जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाले आयोजन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की संभावना जताई जा रही है।
दुबई से शुरू होगा निवेश का अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 सितंबर को दुबई जाएंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ कई निवेशकों से मुलाकात कर सकते हैं। सरकार का लक्ष्य यूएई के साथ-साथ दूसरे देशों के उद्योगपतियों को भी मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है। मुख्यमंत्री आगामी महीनों में सात अन्य देशों का दौरा कर निवेशकों को GIS-2027 का न्योता देने की योजना पर भी काम कर रहे हैं।
भोपाल में PM मोदी के आने की संभावना
GIS-2027 का आयोजन 2 जनवरी 2027 को भोपाल में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने की संभावना है। सरकार के सामने इस बार पिछली समिट से बड़ा निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य है। आयोजन में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति-निर्माता शामिल हो सकते हैं।
34 लाख करोड़ के प्रस्ताव, 9 लाख करोड़ पर काम का दावा
पिछली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में करीब 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। राज्य सरकार का दावा है कि इनमें से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव अब जमीन पर उतरने की प्रक्रिया में हैं। सरकार के मुताबिक इन निवेश परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
दूध उत्पादन पर भी रहेगा खास फोकस
GIS-2027 में कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, खनन, आईटी-आईटीईएस, लॉजिस्टिक्स, ऑटोमोबाइल, फार्मा, रक्षा, वैमानिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। इस बार दूध उत्पादन और डेयरी से जुड़े उद्योगों को भी खास महत्व दिया जा रहा है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर दूध उत्पादन को देखते हुए इससे जुड़े उत्पादों और प्रोसेसिंग यूनिट्स में निवेश की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
70 से ज्यादा देशों के निवेशकों को बुलाने की तैयारी
GIS-2027 में 70 से अधिक देशों के उद्योगपतियों और निवेशकों को आमंत्रित करने की तैयारी है। पिछली समिट में करीब 60 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही थी। अब सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रही है। आने वाले महीनों में विदेशी निवेशकों से संपर्क और मुख्यमंत्री के विदेश दौरों के जरिए मध्य प्रदेश की निवेश संभावनाओं को सामने रखने का अभियान तेज होने की उम्मीद है।