MP GOVERNMENT BUS SERVICE: मध्यप्रदेश में 21 साल के लंबे इंतजार के बाद सरकारी बस सेवा एक बार फिर सड़कों पर लौट आई है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया। शुरुआत में 351 बसें प्रदेश के 7 शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी सेवाएं देंगी। इनमें 180 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। सरकार ने पहले साल 1500 बसें चलाने और आने वाले वर्षों में इसका नेटवर्क और बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
7 शहरों से शुरू हुआ सफर
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत भोपाल से हुई। भेल दशहरा मैदान से 351 बसों को हरी झंडी दिखाई गई। ये बसें 7 शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी। सरकार का दावा है कि इस सेवा के जरिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
180 इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगा सफर
नई बस सेवा की शुरुआत में 180 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की गई हैं। इनमें पीएम सुगम सेवा के तहत उपलब्ध कराई गई ई-बसें शामिल हैं। बसों में आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था और रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा भी रखी गई है। यानी यात्रियों की सुविधा के साथ बसों की निगरानी पर भी फोकस किया गया है।
गांवों तक पहुंचेगी बस सेवा
सरकार का लक्ष्य सिर्फ शहरों तक बस सेवा पहुंचाना नहीं है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के जरिए 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस कनेक्टिविटी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों तक आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ाने की योजना है। सेवा के विस्तार के साथ गांवों को भी इस नेटवर्क में शामिल किया जाएगा।
पहले साल 1500, 2031 तक 15 हजार बसों का लक्ष्य
सरकार ने पहले साल 1500 बसें सड़कों पर उतारने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद 2031 तक बसों की संख्या बढ़ाकर 15 हजार करने की योजना है। यह सेवा PPP मॉडल पर संचालित होगी, जिसमें निजी ऑपरेटरों की भी भागीदारी रहेगी। ऑपरेटरों को विज्ञापन और कार्गो के जरिए अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराने की भी योजना है।
गडकरी का स्वागत, मंच पर दिखी पूरी टीम
शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया, जबकि परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा समेत कई नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। भेल दशहरा मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और बस सेवा के शुभारंभ के साथ प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के नए चरण की शुरुआत हुई।