मध्यप्रदेश में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। एमपीआईडीसी क्षेत्र में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा गार्डन कम स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 35 हजार वर्ग मीटर में फैला यह प्रोजेक्ट युवाओं, श्रमिक परिवारों और स्थानीय नागरिकों के लिए खेल, स्वास्थ्य और मनोरंजन का नया केंद्र बनने जा रहा है।
हाईवे किनारे बन रहा आधुनिक परिसर
यह भव्य स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स हाईवे के समीप विकसित किया जा रहा है, ताकि आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी और स्थानीय लोग आसानी से यहां पहुंच सकें। करीब छह महीने पहले शुरू हुए इस निर्माण कार्य में अब तेजी से फिनिशिंग का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार फरवरी 2026 तक इसे आम जनता के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
आउटडोर–इनडोर खेलों की पूरी व्यवस्था
कॉम्पलेक्स में युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और क्रिकेट नेट्स जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही कुछ इनडोर खेलों के लिए भी स्थान तय किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी आयु वर्ग के लोगों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और नियमित शारीरिक गतिविधि को बढ़ावा देना है।
गार्डन, वॉकिंग ट्रैक और हरियाली
स्पोर्ट्स सुविधाओं के साथ-साथ यहां एक सुंदर गार्डन भी तैयार किया जा रहा है। हरे-भरे पौधों के बीच मॉर्निंग वॉक के लिए खास पाथवे बनाए गए हैं, ताकि लोग सुबह की सैर का आनंद ले सकें। विजिटर्स के लिए सिटिंग चेयर्स लगाई जाएंगी, जहां बैठकर प्रकृति के बीच समय बिताया जा सकेगा।
वॉटरफॉल और फाउंटेन से बढ़ेगी खूबसूरती
परिसर की आकर्षक बनावट के लिए छोटे-छोटे वॉटरफॉल और फाउंटेन भी लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल जगह की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि गर्मी के मौसम में यह स्थान लोगों को सुकून भी देगा। लैंडस्केपिंग पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह कॉम्पलेक्स शहर के सबसे खूबसूरत सार्वजनिक स्थलों में गिना जा सके।
90% निर्माण पूरा, फरवरी में होगा लोकार्पण
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से निपटाया जा रहा है। लक्ष्य है कि फरवरी 2026 में इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाए। पूरा होने के बाद यह कॉम्पलेक्स न केवल खेल गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि परिवारों के लिए घूमने-फिरने और फिट रहने का पसंदीदा स्थान भी साबित होगा।