मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले 4 दिन सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार 27 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। इस दौरान लगातार हीटवेव चलने की संभावना है। विशेषज्ञों ने बताया कि दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
सबसे ज्यादा खतरे वाले जिलों में सतना, छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना शामिल हैं, जहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिंगरौली, सीधी, सागर, दमोह, दतिया, रीवा, उमरिया, निवाड़ी और कटनी सहित 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में तीव्र लू चलने की संभावना जताई गई है।
22 जिलों में येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, विदिशा, राजगढ़, शहडोल, शिवपुरी, शाजापुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रतलाम, रायसेन, मंदसौर, नरसिंहपुर, नीमच और डिंडोरी सहित 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है।
पारा 45 डिग्री के पार, गर्मी से हाल बेहाल
शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में 45.5 डिग्री और खजुराहो में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम देखी जा रही है।