मध्य प्रदेश में गर्मी ने इस बार अपना सबसे तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में दिन के साथ-साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी। साथ ही कुछ जिलों में लू का खतरा बढ़ गया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और बढ़ सकते हैं।
पहली बार ‘Warm Night Alert’ जारी
मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के 9 जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ अलर्ट जारी किया है। इसमें छिंदवाड़ा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, सिवनी, पांढुर्णा, बालाघाट और मंडला शामिल हैं। इन इलाकों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के बाद रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा
डिंडौरी में लू का बढ़ता असर
डिंडौरी जिले में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना जताई जा रही है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर के अंदर रहने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ तापमान
बीते 24 घंटों में खजुराहो में सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर, दतिया और सीधी जैसे शहरों में भी पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जिससे पूरे राज्य में गर्मी का प्रभाव साफ देखा जा रहा है।
मौसम सिस्टम और आगे का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन की सक्रियता के कारण कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश देखी गई। हालांकि अब इसका असर कम हो रहा है। 23 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है, लेकिन इसका प्रभाव राज्य पर सीमित रहेगा और गर्मी का दौर जारी रह सकता है।