भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य को पर्यटन क्षेत्र में एक नई सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के फ्लैग ऑफ के साथ तीन हेलीकॉप्टर उज्जैन के लिए उड़ान भरेंगे।
पर्यटन को नई ऊंचाई देने की पहल
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों तक पर्यटकों को हवाई मार्ग से जोड़कर पर्यटन को नई गति दी जाए। पर्यटन विभाग के अनुसार, यह सेवा लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर शुरू की जा रही है, जिससे प्रदेश में रोजगार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा। हेलीकॉप्टर सेवा का नियमित संचालन 20 नवंबर से प्रारंभ होगा।
देश में पहली इंट्रा-स्टेट हवाई पर्यटन सेवा
अधिकारियों के अनुसार, मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने इंट्रा-स्टेट एयर कनेक्टिविटी को साकार रूप दिया है। इस सेवा से धार्मिक, वन्यजीव और हेरिटेज स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे प्रदेश में एडवेंचर, हेरिटेज और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी, जिससे देशी-विदेशी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा।
हफ्ते में पांच दिन चलेगी सेवा
‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में पांच दिन संचालित की जाएगी। इसके लिए तीन वर्ष की अवधि के लिए निजी कंपनियों के साथ अनुबंध किया गया है। प्रत्येक हेलीकॉप्टर में छह यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी, ताकि पर्यटकों को आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।
तीन सेक्टरों में होगी शुरुआत
सेवा के तहत सेक्टर 1 में इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर, सेक्टर 2 में भोपाल–मढ़ई–पचमढ़ी और सेक्टर 3 में जबलपुर–बांधवगढ़–कान्हा मार्ग पर हेलीकॉप्टर संचालित होंगे। यह पहल न केवल पर्यटकों को सुविधाजनक यात्रा देगी बल्कि प्रदेश की धार्मिक और प्राकृतिक धरोहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दिलाएगी।