मध्यप्रदेश में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में विशेष व्यवस्था की गई है। 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर तकनीकी निगरानी तक हर स्तर पर विशेष तैयारी की गई है।
30 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
राज्य के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा सहित 30 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र बड़े शहरों में रखे गए हैं, जहां अभ्यर्थियों की संख्या भी ज्यादा है। भोपाल में 32 केंद्रों पर 13 हजार 774 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी लागू
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए दो स्तर पर व्यवस्था की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार और अंदर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। छात्राओं के लिए अलग फ्रिस्किंग व्यवस्था भी रहेगी ताकि जांच प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। परीक्षा केंद्रों में कैमरे और जैमर भी लगाए जा रहे हैं।
44 साइबर कमांडो रखेंगे सोशल मीडिया पर नजर
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाहों को रोकने के लिए 44 साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं। ये टीम राज्य साइबर मुख्यालय से 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल गतिविधियों की निगरानी करेगी। परीक्षा शुरू होने से 72 घंटे पहले से विशेष सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए भी व्यवस्था
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। केंद्रों पर डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी छात्र की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके। बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर उपलब्ध रहेंगे। साथ ही अभिभावकों के लिए केंद्रों के बाहर टेंट लगाने की व्यवस्था भी की गई है।