प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवा शक्ति पर दिए गए संदेश के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने रचनात्मक प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका पेश किया है। राज्य की नई बस सेवा की पहचान गढ़ने के लिए ‘लेट्स क्रिएट अ लोगो’ प्रतियोगिता शुरू की गई है। यह सिर्फ डिजाइनिंग का मंच नहीं, बल्कि हुनर के दम पर पहचान और बड़ा इनाम पाने का अवसर भी है।
नई बस सेवा को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में गठित मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने राज्य की प्रस्तावित आधुनिक बस सेवा के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य परिवहन सेवा को एक मजबूत, भरोसेमंद और आधुनिक पहचान देना है, जो प्रदेश की सोच और तकनीकी प्रगति को दर्शा सके।
देशभर के क्रिएटिव माइंड्स को मौका
इस प्रतियोगिता में देश के किसी भी कोने से छात्र, फ्रीलांसर कलाकार और प्रोफेशनल डिजाइन एजेंसियां हिस्सा ले सकती हैं। प्रतिभागियों को अपनी मौलिक सोच और डिजाइनिंग स्किल के जरिए ऐसा लोगो तैयार करना होगा, जो आम यात्रियों से सीधा जुड़ाव बना सके।
संस्कृत टैगलाइन होगी खास शर्त
लोगो के साथ संस्कृत भाषा में एक प्रभावशाली टैगलाइन देना अनिवार्य है। यह टैगलाइन प्रेरणादायक, अर्थपूर्ण और सुरक्षा व सेवा के भाव को दर्शाने वाली होनी चाहिए। सरकार की अपेक्षा है कि यह टैगलाइन भारतीय परंपरा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था का संतुलन पेश करे।
इनाम और चयन प्रक्रिया
चयन समिति सर्वश्रेष्ठ तीन डिजाइनों का चयन करेगी। प्रथम पुरस्कार 5 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 2 लाख रुपए और तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपए रखा गया है। चयन में मौलिकता, रचनात्मकता और उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इच्छुक प्रतिभागी अपना लोगो डिजाइन ईमेल के माध्यम से
[email protected] पर भेज सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026, शाम 5 बजे तक तय की गई है। विस्तृत नियम और शर्तें परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।