Jabalpur-Raipur Express : मध्यप्रदेश को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उज्जैन से वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री ने इसे विकास और पर्यटन की दृष्टि से ऐतिहासिक कदम बताया। नई ट्रेन सेवाओं से ना केवल यात्री सुविधा बढ़ेगी, बल्कि रीवा, जबलपुर जैसे शहरों का अन्य राज्यों से सीधा रेल संपर्क भी मजबूत होगा।
जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस: दो राज्यों को जोड़ने वाली नई कड़ी
जबलपुर और रायपुर के बीच शुरू हुई इंटरसिटी एक्सप्रेस मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इस ट्रेन से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार को लाभ मिलेगा। जबलपुर की संस्कृतिक विरासत और भेड़ाघाट जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच अब और भी सुगम हो जाएगी।
रीवा-पुणे एक्सप्रेस: रीवा से महाराष्ट्र की सीधी रेल सेवा
रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस के शुभारंभ से बुंदेलखंड और बघेलखंड अंचल की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। इससे रीवा से पुणे के लिए यात्रा आसान होगी। रीवा में स्थित टाइगर सफारी और मां शारदा देवी मंदिर तक तीर्थयात्रियों की पहुंच में सुविधा बढ़ेगी।
रेलवे में व्यापक परिवर्तन: CM और रेल मंत्री का दावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की पहचान भगवान राम और श्रीकृष्ण से है और रेलवे उन्हें जोड़ने का माध्यम बन रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि बीते 11 वर्षों में रेलवे में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं—1300 स्टेशनों का पुनर्निर्माण, 34,000 किलोमीटर नया ट्रैक और प्रतिदिन 12 किलोमीटर ट्रैक निर्माण जैसे कार्यों से रेलवे वैश्विक स्तर पर अग्रणी बन रहा है।
PM का रेलवे से भावनात्मक जुड़ाव
रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री के रेलवे से भावनात्मक जुड़ाव को रेखांकित करते हुए कहा कि यह गरीबों और मध्यमवर्ग के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम है। वंदेभारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक रेलगाड़ियों से देश की रेलवे व्यवस्था आधुनिक और प्रभावशाली बनी है। आने वाले समय में बुलेट ट्रेन भी देश की रफ्तार का नया अध्याय लिखेगी।