MP News : मध्यप्रदेश के रीवा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की तैयारियों के बीच दूल्हा पुलिस के हत्थे चढ़ गया. घोड़ी चढ़ने से पहले ही आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई. यह घटना उस वक्त हुई जब बारात जनमासा पहुंच चुकी थी और मेहमान नाश्ता कर रहे थे.
बलात्कार के आरोपी की बारात पर छापा
पुलिस के अनुसार, आरोपी भारत साकेत (32 वर्ष), निवासी भदोह थाना गढ़ के खिलाफ विश्वविद्यालय थाना रीवा में बलात्कार का मामला दर्ज था. आरोपी पर जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 के बीच एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप है. पीड़िता की शिकायत पर मार्च 2025 में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन तब से आरोपी फरार था.
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
जब आरोपी की बारात गढ़ से रीवा पहुंची, तो पुलिस को इसकी भनक लग गई. जैसे ही दूल्हा घोड़ी चढ़ने की तैयारी में था, पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई. इससे शादी की खुशियों में खलल पड़ गया और परिवार में हड़कंप मच गया.
थाने में पूछताछ जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और केस को जल्द कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है. वहीं, यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है कि कैसे शादी जैसे मौके पर कानून ने अपना काम किया.