मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए आने वाला बजट बड़ी राहत लेकर आ सकता है। भोपाल रेल मंडल ने 2026-27 के रेलवे बजट के लिए 53 छोटे और मध्यम रेलवे स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है। इस योजना में कवर शेड, नए फुट ओवर ब्रिज, रैंप और प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करने जैसे कार्य शामिल हैं, जिससे यात्रियों को गर्मी, बारिश और भीड़ से काफी राहत मिल सकती है।
भोपाल मंडल से गया 214 करोड़ का प्रस्ताव
भोपाल रेल मंडल की ओर से भारतीय रेलवे को कुल 214 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव भेजा गया है। इसका उद्देश्य मंडल के अंतर्गत आने वाले 53 रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को मजबूत करना है। अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना में सबसे ज्यादा जोर उन स्टेशनों पर दिया गया है, जहां वर्तमान में बुनियादी ढांचा यात्रियों की जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
स्टेशनों पर बढ़ेंगे कवर शेड
मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, सूखी सेवनिया, सलामतपुर सहित कई स्टेशनों पर अतिरिक्त कवर शेड बनाने की योजना है। गर्मियों में तेज धूप और बरसात के मौसम में यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों को इससे सीधी राहत मिलेगी।
फुट ओवर ब्रिज और रैंप से मिलेगा सहारा
भोपाल मंडल ने लगभग 70 करोड़ रुपए की लागत से नए फुट ओवर ब्रिज और रैंप बनाने का भी प्रस्ताव भेजा है। इस योजना से खासतौर पर बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को लाभ होगा। स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचना आसान होगा और भीड़भाड़ के समय सुरक्षा भी बढ़ेगी।
41 प्लेटफॉर्म होंगे हाई लेवल
यात्री सुविधा सुधार के तहत प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करने की योजना भी शामिल है। बीना जैसे बड़े स्टेशन समेत कुल 41 प्लेटफॉर्म को ऊंचा किया जाएगा। इसके लिए करीब 102 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। हाई लेवल प्लेटफॉर्म बनने से ट्रेनों में चढ़ना-उतरना अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता
रेल मंडल अधिकारियों का कहना है कि मंडल स्तर पर जिन-जिन कामों की जरूरत है, उनकी पूरी जानकारी रेलवे मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। प्राथमिकता यही है कि स्टेशनों पर इंतजार के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें आधुनिक सुविधाएं मिलें। यदि बजट में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो आने वाले समय में मध्य प्रदेश के कई स्टेशन नए रूप में नजर आ सकते हैं।