MP Weather Update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर से मानसूनी बादल लौट आए हैं। बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बने दो अलग-अलग कम दबाव वाले सिस्टम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित 24 जिलों में अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही नवंबर की शुरुआत तक प्रदेश में तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दो सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जो इस समय सक्रिय है। इसके प्रभाव से गोवा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश हो रही है। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में भी एक और सिस्टम विकसित हो रहा है, जो अगले 24 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इन दोनों सिस्टमों के संयुक्त असर से मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इन जिलों में बरसेंगे बादल
पिछले 24 घंटे में अशोकनगर, छतरपुर और धार समेत नौ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अगले 48 घंटों में भोपाल, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, इंदौर, देवास, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तापमान में गिरावट और ठंड का आगाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चलेंगी, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। नवंबर के पहले हफ्ते से ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल, प्रदेश में दिन के तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।