मध्य प्रदेश में भारी बारिश कहर बनकर टूटी है। अनूपपुर में रविवार शाम एक कार तेज बहाव में बह गई, जिसमें सवार पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। कार अमरकंटक से लौटते समय हादसे का शिकार हुई। वहीं, मंदसौर में स्थित मिनी गोवा के नाम से प्रसिद्ध कंवला झील में राजस्थान के दो पर्यटक युवक डूब गए। SDRF की टीमों ने सोमवार को दोनों जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी शव बरामद किए।
अनूपपुर में पानी में बहा पूरा परिवार
अनूपपुर के सजहा वेयरहाउस के पास तेज बहाव में एक कार बह गई, जिसमें चार लोग सवार थे। मृतकों में चंद्रशेखर यादव, उनकी पत्नी प्रीति यादव और दो बच्चे रियांश (8) और शिवी (2) शामिल हैं। चंद्रशेखर शहडोल में इंजीनियर, जबकि प्रीति अनूपपुर अस्पताल में स्टाफ नर्स थीं। रातभर SDRF की टीम ने सर्चिंग की और सोमवार सुबह सभी शव बरामद कर लिए गए।
मंदसौर की झील में डूबे दो पर्यटक
कंवला झील (मिनी गोवा) में राजस्थान के कोटा से आए सोनू और चेतन झील में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया और सोमवार सुबह दोबारा शुरू हुआ। झील में सुरक्षा के अभाव को लेकर स्थानीय प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है।
बारिश से स्कूलों में छुट्टी
अनूपपुर कलेक्टर ने आगामी 48 घंटों की भारी बारिश को देखते हुए 7 और 8 जुलाई को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।