मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन लोग शाजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि दो अन्य की पहचान अरन्या चौराहा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार के दरवाजे लॉक होने से नहीं निकल सके सवार
हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक सभी की जान जा चुकी थी। पुलिस के अनुसार, कार सीधे गहरे पानी में जा गिरी थी और संभावना है कि कार के शीशे बंद होने के साथ ही दरवाजे भी लॉक हो गए, जिससे सवार बाहर नहीं निकल पाए। पानी का दबाव भी इतना बढ़ गया कि दरवाजे खोलना संभव नहीं हो सका। इसी कारण सभी की पानी में डूबने से मौत हो गई।
सगाई समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
पुलिस ने बताया कि मृतकों में गोविंद पिता उमाशंकर तिवारी, कमल पिता बृजकिशोर तिवारी, शंकरलाल पिता सिद्धनाथ (निवासी अरन्या खुर्द, तहसील अवंतीपुर बड़ोदिया, जिला शाजापुर) शामिल हैं। जबकि दिव्यांग रोहित खाती और अरविंद कंडक्टर (दोनों निवासी अरन्या चौराहा) भी मृतकों में शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गोविंद तिवारी अपनी बेटी की सगाई करने के लिए खुजनेर के पास स्थित किसी गांव जा रहे थे। रास्ते में यह अनहोनी हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत राहत अभियान चलाया, लेकिन कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में कामयाबी नहीं मिली।
अस्पताल में भी नहीं बच पायी जान
स्थानीय लोगों और पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत खुजनेर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां पहले चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति में हल्की सांसें चलने पर उसे सीपीआर दिया गया, लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका। इस तरह सभी पांचों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उनकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई है। पुलिस अब परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। सड़क की स्थिति और वाहन की तकनीकी खराबी की भी जांच की जा रही है। साथ ही, इस बात की भी पड़ताल हो रही है कि क्या कार का कोई अन्य तकनीकी कारण इस हादसे के लिए जिम्मेदार था। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया में जुटी है।