भोपाल। उच्च शिक्षा का सपना देखने वाले छात्रों के लिए यह बड़ा अवसर है। अब विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करने के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ने सामान्य वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। इसके तहत 35 लाख रुपये (40 हजार अमेरिकी डॉलर) प्रतिवर्ष तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 सितंबर तय की गई है।
क्या है योजना
यह योजना केवल सामान्य वर्ग (Unreserved Category) के छात्रों के लिए शुरू की गई है। इसका उद्देश्य योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। अधिसूचना के अनुसार चयनित छात्रों को विदेश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सहायता मिलेगी।
किन्हें मिलेगा लाभ
उम्मीदवार का मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
स्नातक स्तर पर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना चाहिए।
किसी विदेशी विश्वविद्यालय से प्रवेश का प्रस्ताव (Offer Letter) आवश्यक है।
आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक छात्र अपना आवेदन 19 सितंबर तक आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनालय, सतपुड़ा भवन, भोपाल के तृतीय तल पर जमा कर सकते हैं। आवेदन स्वयं, प्रतिनिधि या डाक के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
यह योजना उन छात्रों के लिए बेहद मददगार साबित होगी, जो विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई का सपना देखते हैं लेकिन आर्थिक कारणों से पीछे रह जाते हैं। अब यह वित्तीय सहायता उन्हें वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देगी।