सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार राष्ट्रीय स्तर पर 88.39% छात्र पास हुए हैं, वहीं मध्यप्रदेश का रिजल्ट 82.46% रहा। राज्य में कुल 74 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी। लड़कियों का प्रदर्शन इस बार भी लड़कों से बेहतर रहा, उन्होंने 6% की बढ़त बनाई। मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई, लेकिन स्कूल स्तर पर टॉपर्स की पहचान जरूर हुई है। भोपाल के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल की रिशा पाराशर ने 97.2% अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया है।
लड़कियों का फिर दबदबा, राज्य का औसत नीचे
मध्यप्रदेश में इस बार सीबीएसई 12वीं के परिणाम में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। औसतन लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से 6% अधिक रहा। हालांकि, राज्य का कुल रिजल्ट अन्य राज्यों की तुलना में थोड़ा पिछड़ा नजर आया। महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों में पास प्रतिशत अधिक रहा।
स्कूलों को मिली जिम्मेदारी, मेरिट नहीं घोषित
सीबीएसई बोर्ड अपनी नीति के अनुसार किसी भी छात्र को टॉपर घोषित नहीं करता और मेरिट लिस्ट भी जारी नहीं करता है। स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी छात्र को जिला या स्कूल टॉपर घोषित न करें। फिर भी कई स्कूलों ने अपने स्तर पर छात्र-छात्राओं की सफलता को सराहा है।
मार्कशीट और रिचेकिंग की सुविधा
ऑनलाइन घोषित परिणाम के बाद छात्र अपने स्कूल से ही ओरिजिनल मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे। असंतुष्ट छात्र मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत स्कैन कॉपी, रिचेकिंग या रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध होगी।
पूरक परीक्षा का मिलेगा मौका,, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत अब 12वीं के छात्र एक विषय में और 10वीं के छात्र दो विषयों में पूरक परीक्षा दे सकेंगे। यह परीक्षा जुलाई 2025 के पहले या दूसरे सप्ताह में होगी और वही सिलेबस रहेगा जो मुख्य परीक्षा में था।
भोपाल के 36 सेंटर्स, रिजल्ट लगभग 100%
भोपाल में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और यहां अधिकांश स्कूलों का रिजल्ट शानदार रहा। कार्मल कॉन्वेंट स्कूल से 313 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से सभी उत्तीर्ण हुए। स्कूल की पीआरओ सेवियो डेनियल ने बताया कि ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम की छात्रा रिशा पाराशर स्कूल टॉपर रही।