
Tiher suicide case:मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बीना के खुरई थाना क्षेत्र के टीहर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में 45 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 70 वर्षीय मां और दो किशोर बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह को लेकर हैरान है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा सन्नाटा, परिवार की सामूहिक मौत से हर कोई स्तब्ध
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान मनोहर सिंह लोधी, उनकी मां फूलरानी लोधी (70), बेटी शिवानी (18) और बेटे अनिकेत (16) के रूप में हुई है। जब पड़ोस में रहने वाले बड़े भाई ने उल्टियों की आवाज सुनी तो नीचे जाकर देखा— पूरा परिवार बेसुध पड़ा था। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां दो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पत्नी मायके में थी, आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
इस हादसे के वक्त मनोहर की पत्नी मायके गई हुई थी, जिससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि घर की पारिवारिक स्थिति या मानसिक तनाव इस घटना के पीछे हो सकता है। हालांकि अभी तक आत्महत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। खुरई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
डॉक्टरी रिपोर्ट और पुलिस जांच का इंतजार
खुरई सिविल अस्पताल की ड्यूटी डॉक्टर बरखा केशरवानी ने बताया कि चारों को रात में गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो को सागर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में पिता और अस्पताल में बेटी की जान चली गई।