सितंबर की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है, लेकिन बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। प्रदेश में इस वक्त दो स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि 13 जिलों में 2.5 से 4 इंच तक बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं कई जगहों पर जलभराव से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ी हैं।
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश के 13 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इन जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बारिश से बिगड़े हालात
तेज बारिश के कारण भोपाल, इंदौर और रायसेन में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई इलाकों में 2-2 फीट तक पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
कहां कितनी बारिश हुई
आंकड़ों के मुताबिक, गुना में अब तक सबसे ज्यादा 53.8 इंच बारिश दर्ज की गई है। वहीं मंडला में 53.3 इंच, शिवपुरी में 50.1 इंच और श्योपुर में 50.2 इंच पानी गिर चुका है। इसके विपरीत इंदौर संभाग के जिलों में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।