भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून फिर कहर बरपाने को तैयार है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर 26 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। पिछले 24 घंटे में ही 25 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे नदियां-नाले उफान पर हैं और कई जगह बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। आने वाले दिनों में जनजीवन पर इसका और गहरा असर देखने को मिल सकता है।
अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सीहोर, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, हरदा और देवास जिलों के लिए अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े आठ इंच तक पानी गिर सकता है। इन जिलों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी समेत कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, गुना, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सिवनी, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, बालाघाट, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी भारी वर्षा का अनुमान है। लगातार बारिश से सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित हो रहा है।
मानसून टर्फ और साइनलोनिक सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मध्यप्रदेश पर मानसून टर्फ और दो साइनलोनिक सिस्टम सक्रिय हैं। यही वजह है कि लगातार बारिश का दौर बना हुआ है और अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
नदियां-नाले उफान पर, बांधों के गेट खोले गए
लगातार बारिश की वजह से प्रदेश के कई जिलों में नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। कई जगह जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के कारण बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। इससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने का खतरा है।