MP Weather Alert : मध्य प्रदेश में मई के तीसरे सप्ताह में मौसम ने करवट ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 39 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. चक्रवाती सिस्टम और टर्फ की सक्रियता के कारण प्रदेश में मौसम अगले कुछ दिनों तक असामान्य बना रहेगा. शनिवार से लेकर मंगलवार तक अलग-अलग जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी.
आंधी की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है. उधर, 25 मई से नौतपा शुरू होगा, लेकिन इस बार इसका असर सामान्य से कम रहेगा. मानसून भी रफ्तार पकड़ रहा है और 27 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है. इसके बाद यह धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेगा और 15 से 20 जून के बीच प्रदेश में प्रवेश कर सकता है.
चक्रवाती सिस्टम का असर, बारिश का कारण बना मौसमी बदलाव
उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बने चक्रवात और सक्रिय द्रोणिका से मध्य प्रदेश में बारिश की स्थिति बनी हुई है. अरब सागर से नमी आ रही है जिससे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बादल और बारिश की संभावना बढ़ी है.
ये भी पढ़ें : YouTuber Jyoti Malhotra arrested : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में यूट्यूबर 'ज्योति मल्होत्रा' गिरफ्तार
तेज हवाओं का अलर्ट,50 किमी/घंटा तक चल सकती है आंधी
IMD के मुताबिक, 17 से 20 मई तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी है. खासकर इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर जैसे संभागों में मौसम बिगड़ सकता है. आंधी की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहने की संभावना है.
हीटवेव की चेतावनी, इन जिलों में झुलसाएगी गर्मी
18 और 19 मई को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी में लू चलने की चेतावनी है. इन जिलों में बारिश की संभावना बेहद कम है और रातें भी गर्म रहेंगी, खासकर रीवा और मऊगंज में.
मानसून अपडेट, केरल के बाद एमपी की ओर बढ़ेगा
मानसून तेजी से बंगाल की खाड़ी से होते हुए आगे बढ़ रहा है और 27 मई को केरल पहुंच सकता है. इसके 15 से 18 दिन बाद यानी 15 से 20 जून के बीच मानसून मध्य प्रदेश में दस्तक दे सकता है.
नौतपा की शुरुआत, इस बार असर रहेगा हल्का
25 मई से 2 जून तक नौतपा का असर रहेगा, लेकिन इस बार तेज गर्मी की बजाय हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. इससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है. उत्तर भारत के चक्रवात और द्रोणिका की सक्रियता से मध्य प्रदेश में बारिश और आंधी की स्थिति बनी हुई है.