Madhya Pradesh Weather --मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे के लिए ताजा मौसम बुलेटिन जारी करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए ऑरेंज, यलो और फ्लैश फ्लड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा चिंता उन 10 जिलों को लेकर है, जहां अचानक बाढ़ आने का खतरा बताया गया है। वहीं तीन जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
10 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक सिवनी, बालाघाट, मंडला, मऊगंज, मैहर, डिंडोरी, अनूपपुर, सीधी, सिंगरौली और रीवा में फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है। लगातार और तेज बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव के साथ अचानक नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ऐसे में इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता की जरूरत है।
तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सतना, उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट दिया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, दमोह समेत कई जिले चेतावनी वाले क्षेत्रों में शामिल हैं।
कई इलाकों में हुई जोरदार बारिश
बीते समय में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रामनगर बघेलान में 123.6 मिमी और बिरसिंहपुर में 115.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं मझगांव में 78 मिमी, रीवा में 71 मिमी और ब्यौहारी में 67 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पचमढ़ी में सबसे कम तापमान
बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। धार में 20.2, खंडवा और खरगोन में 21.2 तथा बैतूल में 21.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर ग्वालियर में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।